कृषि वैज्ञानिक किसानों के द्वार - न्याय पंचायत बसन्तपुर

Wed, 28 November 2018
बदलता बनारस के परिप्रेक्ष्य में कृषि जागरूकता अभियान कार्यक्रम का आयोजन आराजी लाइन विकास खण्ड के न्याय पंचायत बसन्तपुर जिसमें महमदपुर, बेरूका, बसन्तपुर, दीनदासपुर, जंसा, चौखण्डी, गहरपुर, जलालपुर एवं कुरसातो ग्राम सभा आती है के लिए जलालपुर न्याय पंचायत पर आयोजित किया गया।
newsnews2news3
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विकास खण्ड के प्रमुख श्रीमती नगीना सिंह के प्रतिनिधि श्री महेन्द्र सिंह पटेल थे, उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि किसानों के जीवन स्तर को समृद्ध बनाने हेतु सरकार द्वारा मुर्गी पालन, मछली पालन एवं बागवानी हेतु चलायी जा रही परियोजनाओं से जुड़ने एवं लाभ लेने का किसानों से अनुरोध किया। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉ. बिजेन्द्र सिंह ने किसानों को सम्बोधित करते हुए कहा कि अपनी समस्याओं के लिए आप लोग किसी भी समय संस्थान के वैज्ञानिकों से सम्पर्क कर सकते हैं। इसके अलावा कृषि जागरूकता कार्यक्रम के उद्देश्य के बारे में किसानों को विस्तृत रूप से बताया एवं सुझाव दिये कि सब्जी की खेती से ही आमदनी में सबसे अधिक वृद्धि हो सकती है। इस अवसर पर जलालपुर के ग्रामप्रधान श्री सुभाष पटेल, बसन्तपुर के श्री प्रकाश सिंह ने विशेष सहयोग किया। इसके अलावा जंसा, दीनदासपुर, कुरसातो, गहरपुर, महमदपुर के ग्राम प्रधान एवं जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सुशीला यादव के प्रतिनिधि उपस्थित थे। तकनीकी सत्र में सब्जी उत्पादन, कृषि रसायनों का सुरक्षित प्रयोग, कृषि में बागवानी द्वारा विविधिकरण एवं अल्प प्रचलित सब्जियों पर विस्तृत परिचर्चा की गयी। इस कार्यक्रम में 450 किसानों ने भाग लिया एवं सब्जी बीज मिनी किट का वितरण किया गया। इस कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. सुधाकर पाण्डेय ने अतिथियों एवं किसानों का स्वागत किया। इस अवसर पर लखनऊ से आये हुए प्रधान वैज्ञानिक डॉ. दिनेश कुमार ने फल उत्पादन पर विशेष चर्चा की। इस कार्यक्रम में डॉ. आर.के. दुबे, श्री अशोक कुमार सिंह एवं श्री पंकज सिंह ने विशेष सहयोग किया। इस कार्यक्रम का संचालन डॉ. आत्मानंद त्रिपाठी एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ. सुधाकर पाण्डेय ने किया।